दानिश रज़ा खान भोपाल। रमज़ान का पाक महीना शुरू होने जा रहा है। आज 1 मार्च को चांद नजर आने के साथ ही यह तय हो गया कि कल, 2 मार्च से पहला रोज़ा रखा जाएगा। देशभर में मुस्लिम समुदाय ने चांद देख कर इबादत और रोज़ों की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर की मस्जिदों और चांद कमेटियों ने ऐलान किया है कि रमज़ान का चांद नजर आ गया है। इसके साथ ही 2 मार्च को पहला रोज़ा रखा जाएगा। मुस्लिम समुदाय ने मस्जिदों और घरों में इबादत शुरू कर दी है, वहीं सहरी और इफ्तार की तैयारियां भी जोरों पर हैं।
रमज़ान इस्लाम धर्म में सबसे पवित्र महीना माना जाता है, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोग सूरज निकलने से लेकर सूरज डूबने तक रोज़ा रखते हैं। इस दौरान वे अल्लाह की इबादत में समय बिताते हैं, दान-दक्षिणा करते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं।
शहर की मस्जिदों में नमाज़ और तरावीह की व्यवस्था की गई है। उलेमाओं ने लोगों से अपील की है कि वे इस पाक महीने में अधिक से अधिक इबादत करें और जरूरतमंदों की मदद करें। प्रशासन ने भी रमज़ान के दौरान विशेष इंतजाम किए हैं ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
रमज़ान के आगमन पर मुस्लिम समुदाय में खुशी का माहौल है, लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद देना शुरू कर दिया है। अब 30 दिनों तक इबादत और रोज़ों के बाद ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा।